Rudraprayag News

उत्तराखंड के इस गांव में शराब पी तो होगा सामाजिक बहिष्कार! जुर्माने का भी प्रस्ताव

Ad

Rudraprayag : Alcohol Ban : Village Decision : उत्तराखंड के गांवों में शराब के बढ़ते चलन पर रोक लगाने के लिए अब ग्रामीणों ने खुद मोर्चा संभालना शुरू कर दिया है। रुद्रप्रयाग की ग्राम पंचायत बरसू पुनाड़ में शराबबंदी को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। गांव के तोकों में शराब पर रोक लगाने के साथ ही शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ जुर्माना लगाने का प्रस्ताव भी रखा गया है।

ADVERTISEMENTS Ad

शनिवार 14 नवंबर को ग्राम पंचायत में शराबबंदी को लेकर खुली बैठक हुई। इसमें ग्रामीणों ने गांव को नशामुक्त बनाने और शराब से होने वाले नुकसान पर रोक लगाने को लेकर चर्चा की। बैठक में ग्राम प्रधान नरेंद्र बिष्ट उर्फ अमित ने साफ कहा कि गांव में शराब पीकर माहौल खराब करने और अशांति फैलाने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

ग्राम प्रधान ने महिलाओं से इस मुहिम में आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि शराब पीने और पिलाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने के लिए सभी को एकजुट होना होगा। उन्होंने महिलाओं से शराब पीने वालों का सामाजिक बहिष्कार करने का भी आह्वान किया। बैठक में शराब पीकर हुड़दंग करने वालों पर जुर्माना लगाने का प्रस्ताव भी सामने आया।

शराबबंदी के अलावा बैठक में ग्राम पंचायत की आय बढ़ाने को लेकर भी चर्चा हुई। इसमें तय किया गया कि गांव में बाहर से आने वाले व्यापारियों और ठेकेदारों से पंचायत की ओर से निर्धारित टैक्स वसूलने की व्यवस्था की जाएगी।

ग्राम प्रधान के बयान और बैठक का वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा में है। ग्रामीणों का कहना है कि शराब के बढ़ते प्रचलन का असर परिवारों, युवाओं और गांव के सामाजिक माहौल पर पड़ रहा है। ऐसे में गांव को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

बैठक में महिला मंगल दल अध्यक्ष प्रिया देवी, कोषाध्यक्ष मनीषा देवी, उपप्रधान विमला देवी, वार्ड सदस्य पूजा देवी, वंदना देवी और हिमांशु सेमवाल समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
To Top