
Harish Dhami : Jauljibi Fair : PithoragarhNews : जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह में हुए हंगामे के बाद धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश सिंह धामी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मेले के मंच पर तोड़फोड़, पुलिस से धक्का-मुक्की और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में पुलिस ने विधायक समेत छह नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले में अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।

दरअसल 14 नवंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत-नेपाल सीमा पर काली और गोरी नदी के संगम पर आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का उद्घाटन किया था। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लोगों को संबोधित किया और इसके बाद वहां से रवाना हो गए। इसी बात को लेकर धारचूला विधायक और मेला समिति के अध्यक्ष हरीश धामी नाराज हो गए।
विधायक का आरोप था कि मुख्यमंत्री ने उनकी बात नहीं सुनी और उन्हें मंच से संबोधित करने का अवसर भी नहीं दिया। इसी नाराजगी के बाद विधायक अपने समर्थकों के साथ मंच पर पहुंच गए। वहां नारेबाजी शुरू हो गई और देखते ही देखते माहौल गरमा गया।
पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया कि इस दौरान मंच पर तोड़फोड़ की गई और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट व अभद्रता हुई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने लोगों को शांत कराने की कोशिश की…लेकिन आरोप है कि उनके साथ भी धक्का-मुक्की की गई। इससे सरकारी कामकाज में बाधा पहुंची।
घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने जौलजीबी कोतवाली पहुंचकर प्रदर्शन किया और धरने पर बैठ गए। उन्होंने विधायक हरीश सिंह धामी और उनके समर्थकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को तहरीर दी थी।
पुलिस ने मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए कांग्रेस विधायक हरीश सिंह धामी के अलावा राम सिंह रोकया, सौरभ मर्तोलिया, नृप सिंह, मनोहर टोलिया और विक्रम दानू समेत अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 121(1), 132, 191(2), 324(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
जौलजीबी कोतवाल हरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।





