Nainital-Haldwani News

हल्द्वानी में सुबह सुबह पुलिस का बड़ा एक्शन, कहीं भागे तो कहीं पानी की टंकियों में छुप गए किराएदार

Ad

Haldwani news: Nainital police action: लंबे समय से ठंडे बस्ते में पड़े किराएदार सत्यापन अभियान को लेकर गुरुवार सुबह नैनीताल पुलिस अचानक एक्शन मोड में आ गई। फिर क्या था, भारी पुलिस बल के बीच हल्द्वानी क्षेत्र के विभिन्न थाना क्षेत्रों में खाकी की दस्तक से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मकान मालिकों के साथ-साथ किराएदारों में अफरातफरी मच गई।

ADVERTISEMENTS Ad

आलम यह था कि वनभूलपुरा, मुखानी, काठगोदाम और हल्द्वानी क्षेत्र में कई किराएदार पुलिस से बचने के लिए पानी की टंकियों और छत में जा दुबके। पुलिस के चालान से बचने की जुगत में कई मकान मालिक अपने घर से किराएदारों को इधर-उधर भगाने की जुगत भी करते दिखाई दिए। हालाकि पुलिस की पैनी नजर से वे ज्यादा देर तक नहीं बच पाए। एसपी सिटी हरबंस सिंह के मुताबिक, सुबह करीब साढ़े छह बजे से चले सत्यापन अभियान के दौरान 600 से भी ज्यादा लोगों का सत्यापन किया गया और बड़ी संख्या में चालान किए गए। एसपी सिटी के मुताबिक, पुलिस का सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने शहरवासियों से किराएदारों का सत्यापन कराने की अपील की है।

बताते चलें कि हल्द्वानी शहर का विस्तार होने से बड़ी संख्या में बाहरी जिलों और प्रदेशों के लोग यहां डेरा जमाए हुए हैं। ऐसे में कई बार आपराधिक घटनाओं में भी बाहरी मूल के लोगों की संलिप्तता सामने आते रहती हैं। ऐसे में पुलिस का सत्यापन अभियान कभी जोर पकड़ता है तो कभी गहरी नींद में चला जाता है। यही वजह है कि मकान मालिक और किराएदार दोनों नियमों का पालन करना जरुरी नहीं समझते। बहरहाल एक बार फिर जिले के कप्तान पीएन मीणा के निर्देश पर नैनीताल पुलिस दोबारा से सक्रिय हुई है। गुरुवार सुबह जिस तरह से हल्द्वानी के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस ने सत्यापन अभियान चलाया, उसे देखकर एक बार फिर आस जगी है कि हल्द्वानी में रह रहे किराएदारों के सत्यापन को लेकर पुलिस आगे भी सजग और सतर्क रहेगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top