
BJP Mission 2027 : Ravindra Singh Negi : Nainital Politics : उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने दिल्ली की पटपड़गंज विधानसभा सीट से विधायक रविंद्र सिंह नेगी उर्फ रवि नेगी को नैनीताल जिले की जिम्मेदारी सौंपी है। इसी क्रम में रवि नेगी रामनगर पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन की मजबूती और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की।

भाजपा ने 2027 के चुनाव में सत्ता में दोबारा वापसी के लिए 65 पार का लक्ष्य रखा है। इसी लक्ष्य को लेकर रविंद्र सिंह नेगी लगातार विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। रामनगर में उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया।
मीडिया से बातचीत में रवि नेगी ने कहा कि नैनीताल जिले की जिम्मेदारी मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उनके पूर्वज भी इसी क्षेत्र से जुड़े रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता मेहनती हैं और संगठन पूरी मजबूती के साथ चुनाव की तैयारियों में जुटा है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए रविंद्र सिंह नेगी ने कहा कि भाजपा में संगठनात्मक चुनाव और कार्यसमिति की बैठकें पूरी हो चुकी हैं…जबकि कांग्रेस अभी अपने संगठन को लेकर ही संघर्ष कर रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों के आधार पर भाजपा 2027 में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।
दिल्ली और उत्तराखंड की राजनीति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी और उत्तराखंड में कांग्रेस भाजपा की मुख्य राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी है। उन्होंने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर सेना के सम्मान से जुड़े मुद्दों को लेकर भी निशाना साधा। युवाओं को लेकर उन्होंने कहा कि आज का युवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और भाजपा की विचारधारा के साथ खड़ा है।
अंकिता भंडारी प्रकरण समेत दूसरे मुद्दों पर कांग्रेस के चुनावी हमलों का जवाब देते हुए रविंद्र सिंह नेगी ने आरोप लगाया कि विपक्ष विकास के मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर परिवारवाद की राजनीति करने का आरोप भी लगाया।
रवि नेगी ने दावा किया कि नैनीताल जिले की सभी विधानसभा सीटों पर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है। कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने 2027 के विधानसभा चुनाव में 60 से अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाने का लक्ष्य रखा है।





