
BJP Mission 2027 : Uttarakhand Elections : Booth Feedback : उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार पार्टी टिकट के दावेदारों की लोकप्रियता और जीत की संभावनाओं को परखने के लिए बूथ स्तर तक फीडबैक जुटाएगी। इसके तहत हर बूथ से चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं को लेकर लोगों की राय ली जाएगी। पार्टी का लक्ष्य विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार जीत हासिल करना है।

हरिद्वार में हुई भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में चुनावी रणनीति को लेकर कई अहम फैसले लिए गए। पार्टी सूत्रों के मुताबिक संगठन ने ऐसे चेहरों की तलाश शुरू कर दी है…जिनके चुनाव जीतने की संभावना सबसे अधिक हो। इसके लिए अलग-अलग स्तर पर सर्वे और रायशुमारी कराई जा रही है। अब इसी प्रक्रिया को बूथ स्तर तक ले जाने की तैयारी है।
भाजपा उम्मीदवारों के चयन के लिए प्रत्येक बूथ पर तीन लोगों से दावेदारों को लेकर फीडबैक लेगी। इस रायशुमारी के जरिए यह जानने की कोशिश होगी कि संबंधित क्षेत्र में किस नेता की पकड़ और लोकप्रियता अधिक है। बूथ से मिलने वाली जानकारी के आधार पर संभावित प्रत्याशियों का आकलन किया जाएगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाने के लिए पार्टी अलग-अलग स्तरों पर रणनीति बनाकर काम कर रही है। उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया में भी बूथ स्तर से राय ली जा रही है। इससे सबसे अधिक जीत की संभावना रखने वाले चेहरे को पहचानने में मदद मिलेगी।
चुनावी तैयारियों के बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 9 दिसंबर को अल्मोड़ा पहुंचेंगे। यहां वह पार्टी की प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में शामिल होंगे। इसके अगले दिन यानी 10 दिसंबर को वह भाजपा के बूथ विजय अभियान की शुरुआत करेंगे। इस दौरान वह शक्ति केंद्र सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे।
भाजपा महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि पार्टी का बूथ विजय अभियान 25 दिसंबर तक चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत प्रत्येक बूथ अध्यक्ष के घर पर उनके नाम की पट्टिका लगाई जाएगी। साथ ही वहां पार्टी का झंडा भी लगाया जाएगा।
वहीं विधानसभा चुनाव के प्रबंधन और तैयारियों को लेकर 5 से 10 दिसंबर के बीच सभी विधानसभा क्षेत्रों में कोर कमेटी की बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में संबंधित विधानसभा क्षेत्रों की चुनावी रणनीति और संगठन की तैयारियों पर चर्चा होगी।





