
Dowry Demand : Dehradun News : Wedding Dispute : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शादी के बाद दहेज की मांग को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि दिल्ली से आई बरात ने शादी की रस्में पूरी होने के बाद दुल्हन पक्ष से 20 लाख रुपये और दहेज की मांग कर दी। मांग पूरी नहीं होने पर दूल्हा बिना दुल्हन के ही बरात लेकर दिल्ली लौट गया। इतना ही नहीं बरातियों ने प्रीतिभोज में खाना तक नहीं खाया। इससे मेहमानों के लिए तैयार किया गया पूरा भोजन बर्बाद हो गया।

घटना के बाद दुल्हन और उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दुल्हन के भाई ने मामले की शिकायत महिला हेल्पलाइन में दर्ज कराई है। शिकायत मिलने के बाद हेल्पलाइन ने दोनों पक्षों को काउंसलिंग के लिए बुलाया है।
दुल्हन के भाई की शिकायत के मुताबिक 27 नवंबर को दिल्ली से बरात देहरादून के कोतवाली क्षेत्र में पहुंची थी। यहां गुरुद्वारे में शादी की रस्में पूरी कराई गईं। इसके बाद प्रीतिभोज का कार्यक्रम होना था।
आरोप है कि शादी के बाद जब दूल्हा और दुल्हन तैयार होने के लिए ब्यूटी पार्लर गए…तभी दूल्हे के भाई और भाभी ने दुल्हन पक्ष के सामने 20 लाख रुपये देने की मांग रख दी। यह रकम विदाई से पहले देने को कहा गया।
दुल्हन पक्ष ने तत्काल इतनी बड़ी रकम का इंतजाम करने में असमर्थता जताई, लेकिन आरोप है कि दूल्हा पक्ष अपनी मांग पर अड़ा रहा। इसके बाद प्रीतिभोज स्थल पर भी रुपये जुटाने का दबाव बनाया गया। दुल्हन पक्ष को चेतावनी दी गई कि रकम नहीं मिली तो दूल्हा बिना दुल्हन के ही वापस चला जाएगा।
विवाद बढ़ने पर दूल्हे और उसके परिवार ने बरातियों को खाना खाने से भी रोक दिया। इसके चलते किसी भी बराती ने प्रीतिभोज में भोजन नहीं किया। मेहमानों के लिए बड़े स्तर पर तैयार कराया गया खाना बेकार हो गया।
आखिरकार 20 लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर दूल्हा पक्ष बिना विदाई कराए बरात लेकर दिल्ली लौट गया। इस घटना से दुल्हन सदमे में है और परिवार भी परेशान है।
घटना के बाद दुल्हन के भाई ने महिला हेल्पलाइन में शिकायत देकर दूल्हे, उसके भाई-भाभी, जीजा और परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत पर महिला हेल्पलाइन ने दूल्हा पक्ष से संपर्क किया है। अब दोनों परिवारों को आमने-सामने बैठाकर बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने के लिए काउंसलिंग पर बुलाया गया है। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई काउंसलिंग की प्रक्रिया के बाद होगी।





