Election Talks

भाजपा उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट पर आज लगेगी मुहर

Loksabha Election Update: BJP Second Candidate List: BJP Leader’s Meeting:

2024 लोकसभा चुनाव के निमित्त भाजपा ने 2 मार्च को अपने उम्मीदवारों की पहली सूची सार्वजनिक की थी। लोकसभा चुनावों में अपना पक्ष मजबूत रखने के लिए भाजपा ने सभी दलों से पहले अपना पासा फेंका था। इसके बाद मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने भी अपने उम्मीदवारों की पहली सूची की घोषणा कर दी थी। 16 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों में अपने 195 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी भाजपा अब अपनी दूसरी सूची में उम्मीदवारों के नाम कभी भी घोषित कर सकती है। गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे और अजीत पवार जैसे वरिष्ठ नेताओं के साथ एक विस्तृत बैठक की और सभी उम्मीदवारों के नामों को अंतिम स्वीकृति प्रदान की।

इसके बाद भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात-महाराष्ट्र और तेलंगाना की बची हुई लोकसभा सीटों पर गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल, गुजरात बीजेपी इकाई के प्रमुख सीआर पाटिल, मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव के साथ-साथ तेलंगाना के भाजपा नेताओं के साथ बैठक की। बता दें कि इन राज्यों में बची हुई सीटों पर उम्मीदवारों के चयन को लेकर पिछले दो दिनों से भाजपा कोर ग्रुप की बैठकों का सिलसिला लगातार जारी है। भाजपा कोर ग्रुप की बैठकों के बाद आज शाम भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक का आयोजन होना है। माना जा रहा है की सभी सहयोगी दलों से बातचीत के बाद अब भाजपा सभी राज्यों में अपनी बची हुई सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा जल्द कर सकती है।

बता दें कि भाजपा उत्तरप्रदेश में सबसे ज़्यादा मज़बूत राजनीतिक दल बनकर उभरी है ऐसे में अपने सहयोगी दलों के साथ उत्तरप्रदेश में भाजप केवल 6 सीटें बाँट सकती है। इन 6 सीटों में से भाजपा 2-2 सीटें अपना दल और राष्ट्रीय लोक दल को दे सकती है वहीं 1-1 सीट निषाद पार्टी और ओम प्रकाश राजभर की पार्टी को भी दी जा सकती है। वहीं अगर दूसरे सबसे ज़्यादा लोकसभा सीट वाले राज्य महाराष्ट्र की तरफ नज़र डालें तो वहाँ भाजपा NCP के अजीत पवार गुट को 6-8 सीटें दे सकती है शिवसेना शिंदे गुट को 10-12 सीटें दी जा सकती हैं और भाजपा खुद 28 से 30 सीटों पर लोकसभा चुनाव लड़ सकती है। इन सभी संभावनाओं की पुष्टि (11 मार्च) आज शाम होने वाली भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद हो जाएगी।

To Top