
NDA Selection : Himanshu Panwar : Uttarakhand News : उत्तराखंड के चमोली जिले के सुदूरवर्ती गांव बमियाला के हिमांशु पंवार ने अपनी मेहनत और लगन से बड़ी सफलता हासिल की है। बिना किसी महंगी कोचिंग के उन्होंने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) में चयन प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ ही पूरे गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

हिमांशु ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपने सपने को पूरा करने के लिए लगातार मेहनत की। उनका सपना बचपन से ही सेना में अधिकारी बनने का था। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए उन्होंने पढ़ाई के साथ एनडीए की तैयारी शुरू की।
नारायणबगड़ विकासखंड के बमियाला गांव निवासी हिमांशु की शुरुआती पढ़ाई गांव के प्राथमिक विद्यालय में हुई। इसके बाद उन्होंने हाईस्कूल की शिक्षा श्री नंदा देवी जनता इंटर कॉलेज, कफोली से पूरी की। इंटरमीडिएट की पढ़ाई उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज, नारायणबगड़ से की।
आगे की पढ़ाई के लिए हिमांशु देहरादून चले गए….जहां वह अपने मामा रणजीत सिंह के पास रहने लगे। यहीं उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखते हुए एनडीए की तैयारी भी शुरू कर दी।
हिमांशु के परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। ऐसे में उनके लिए महंगी कोचिंग लेना संभव नहीं था। लेकिन उन्होंने आर्थिक परिस्थितियों को अपने लक्ष्य के आड़े नहीं आने दिया। देहरादून की लाइब्रेरी में नियमित पढ़ाई कर उन्होंने एनडीए की तैयारी जारी रखी और आखिरकार सफलता हासिल की।
उनके पिता गजे सिंह पंवार राजमिस्त्री का काम करते हैं….जबकि मां रामी देवी गृहिणी हैं। हिमांशु परिवार के इकलौते बेटे हैं। उनसे बड़ी दो बहनें हैं….जिनमें से एक का विवाह हो चुका है।
हिमांशु की सफलता की खबर मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्र में खुशी की लहर है। ग्राम प्रधान हिमानी देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य विनीता देवी, उनके चचेरे भाई एवं पूर्व शिक्षक दलवीर सिंह पंवार और ग्रामीण कृपाल सिंह ने उन्हें बधाई दी।
ग्रामीणों ने हिमांशु की उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया। सीमित संसाधनों में बिना कोचिंग के हासिल की गई यह सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए भी प्रेरणा बनी है।





