
Cooperative Bank : Uttarakhand : Roorkee : हरिद्वार जिला सहकारी बैंक की तीन शाखाओं में वित्तीय अनियमितताओं का मामला सामने आने के बाद बैंक प्रबंधन ने कार्रवाई की है। करोड़ों रुपये के ऋण वितरण और बैंक के पैसों के लेनदेन में गड़बड़ी पाए जाने पर तीन शाखा प्रबंधकों को निलंबित कर दिया गया है। वहीं कुछ अन्य शाखा प्रबंधकों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है।

मामले में एक शाखा प्रबंधक पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत ऋण की रकम लाभार्थियों के खातों में भेजने के बजाय सीधे बिल्डर के खाते में ट्रांसफर करने का आरोप है। इस मामले की भी विस्तृत जांच कराई जा रही है।
दरअसल हरिद्वार जिला सहकारी बैंक की अलग-अलग शाखाओं में लंबे समय से वित्तीय अनियमितताओं की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए बैंक के चेयरमैन चौधरी विजेन्द्र सिंह ने विस्तृत जांच रिपोर्ट मांगी थी। जांच में कई मामलों में गड़बड़ी सामने आने के बाद कार्रवाई की गई।
जांच में रुड़की के पास स्थित शेरपुर शाखा के प्रबंधक राजेन्द्र कुमार की भूमिका सामने आई। आरोप है कि उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बड़े स्तर पर ऋण वितरित किया….लेकिन स्वीकृत धनराशि लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजने के बजाय सीधे बिल्डर के खाते में ट्रांसफर कर दी। इस मामले में राजेन्द्र कुमार को निलंबित कर दिया गया है।
वहीं बैंक मुख्यालय में तैनात प्रबंधक प्रवीण कुमार पर बैंक खाते से 60 लाख रुपये निकालकर अपने निजी खाते में जमा करने का मामला सामने आया। बैंक की समीक्षा में यह गड़बड़ी पकड़ी गई। हालांकि प्रवीण कुमार ने बाद में पूरी रकम बैंक खाते में वापस जमा करा दी थी। इसके बावजूद वित्तीय अनियमितता के मामले में उन्हें भी निलंबित कर दिया गया।
इसके अलावा खानपुर और लक्सर शाखाओं में पहले तैनात रहे प्रबंधक प्रमेन्द्र कुमार पर भी कार्रवाई की गई है। इन शाखाओं में उनके कार्यकाल के दौरान करोड़ों रुपये के ऋण वितरित किए गए थे। बैंक की ओर से ऋण वसूली के निर्देश दिए जाने के बावजूद अपेक्षित प्रगति नहीं हुई।
प्रमेन्द्र कुमार को एक महीने में 25 लाख रुपये की ऋण वसूली का लक्ष्य दिया गया था….लेकिन वह केवल एक लाख रुपये ही जमा करा सके। इसके बाद बैंक प्रबंधन ने उन्हें भी निलंबित कर दिया।
जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन चौधरी विजेन्द्र सिंह का कहना है कि कुछ शाखा प्रबंधकों ने नियमों के विपरीत ऋण वितरण किया। इससे बैंक की वित्तीय स्थिति प्रभावित होने और एनपीए बढ़ने का खतरा पैदा हुआ है। बैंक में सामने आई अनियमितताओं को लेकर जांच और कार्रवाई की जा रही है।





