Dehradun News

उत्तराखंड: रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी से नौकरी के नाम पर 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी

Ad

देहरादून: राज्य में नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी के मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। देहरादून से ठगी का एक मामला सामने आया है। उत्तराखंड के क्रिकेटर करणवीर कौशल से सरकारी विभाग में अधिकारी के पद पर नौकरी दिलवाने के नाम पर शातिरों ने 20 लाख रुपए ठग लिए। दून की नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने तीन आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

ADVERTISEMENTS Ad

जानकारी के अनुसार करणवीर कौशल के पिता पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हुए विष्णुपुरम निवासी निर्मल कुमार शर्मा उनके लिए नौकरी की तलाश कर रहे थे। उनकी मुलाकात बिपेंद्र शर्मा ने अरविंद सैनी के माध्यम से अमित कुमार से करवाई, जो उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया जा रहा है। अमित कुमार ने निर्मल कुमार को बताया कि BCCI में उसकी अच्छी पहचान है। करणवीर एक होनहार खिलाड़ी है और ऐसे में वह उन्हें किसी भी विभाग में अधिकारी के पद पर नौकरी दिलवा देगा। उसने बताया कि सहारनपुर में प्रेम इंटरप्राइजेज नाम से उसकी एक फर्म है जो इलेक्ट्रानिक यंत्र बनाती है।

अमित कुमार ने नौकरी लगवाने के नाम पर 20 लाख रुपए की डिमांड रखी। अमित कुमार की बातों में निर्मल कुमार आ गए और उन्होंने 14 जनवरी, 2020 को दस लाख के चेक और पांच लाख रुपये नकद दे दिए। इसके बाद फरवरी में उसने अन्य आरोपित बिपेंद्र कुमार कहा कि काम होने वाला है और उन्हें पांच लाख रुपये भुगतान करना होगा। इसके बाद निर्मल कुमार ने साढ़े चार लाख चेक और 50 हजार रुपये कैश दे दिए। रुपए मिलने के बाद आरोपित पहले तो नौकरी के नाम पर बहाना बनाने लगा और फिर उसने फोन उठाना बंद कर दिया।

ठगी का अहसास होने के बाद निर्मल कुमार पुलिस के पास पहुंचे। उन्होंने नेहरू कॉलोनी पुलिस स्टेशन में तहरीर दी है। इंस्पेक्टर राकेश गुसांई ने बताया कि आरोपित अमित कुमार निवासी शामली उत्तर प्रदेश, अरुण सैनी और बिपेंद्र शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। 

बता दें कि उत्तराखंड क्रिकेटर करणवीर कौशल ने साल 2018 में राज्य के लिए घरेलू क्रिकेट में डेब्यू किया था। इसी साल उन्होंने विजय हजारे में दोहरा शतक जमाकर इतिहास रचा था। सिक्किम के खिलाफ उन्होंने 202 रनों की पारी खेली थी। मौजूदा वक्त में उत्तराखंड के लिए वनडे चार शतक जमाने वाले वह एकलौते बल्लेबाज हैं। उत्तराखंड के लिए अब तक वह 43 घरेलू मुकाबले खेल चुके हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top