Nainital-Haldwani News

हल्द्वानी की छात्रा को मिलेगा तीलू रौतेली पुरस्कार,कोरोनाकाल में नमिता गुप्ता ने नहीं मानी हार

हल्द्वानी की छात्रा को मिलेगा तीलू रौतेली पुरस्कार, कोरोना काल में नमिता गुप्ता ने नहीं मानी थी हार

हल्द्वानी: प्रदेश की चुनिंदा महिलाओं को दिए जाने वाले तीलू रौतेली पुरस्कार की घोषणा हो गई है। इस बार ये खास सम्मान 22 महिलाओं को दिया जाना है। लिस्ट में हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया के नाम के साथ हल्द्वानी की छात्रा नमिता गुप्ता भी शामिल हैं।

दरअसल उत्तराखंड की वीरांगना तीलू रौतेली की जयंती पर राज्य सरकार द्वारा तीलू रौतेली राज्य स्तरीय पुरस्कार दिया जाना है। ये सम्मान महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत राज्य स्त्री शक्ति तीलू रौतेली जयंती पर आठ अगस्त को दिया जाएगा।

गौरतलब हो कि महिलाओं एवं किशोरियों द्वारा सामाजिक, शिक्षा, साहित्य, कला, संस्कृति एवं साहस सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने हेतु तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है। आठ अगस्त को मुख्यमंत्री धामी व महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री व कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य द्वारा चुनी हुई महिलाओं को ये सम्मान दिया जाएगा।

बता दें कि प्रदेशभऱ से आए 95 आवेदनों में से समिति ने 22 नामों को चुना है। हल्द्वानी के लिए गौरव की बात ये है कि इस लिस्ट में यहां की एक छात्रा भी शामिल है। दरअसल हल्द्वानी ओपन यूनिवर्सिटी के एमएसडब्ल्यू वित्तीय वर्ष की छात्रा काशीपुर निवासी नमिता गुप्ता को भी ये सम्मान दिया जाएगा।

नमिता गुप्ता को यह पुरस्कार कोरोनाकाल में बेहतर सामाजिक कार्यों के क्षेत्र के लिए दिया जा रहा है। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में एमएसडब्ल्यू द्वितीय वर्ष में अध्ययनरत नमिता गुप्ता अपने एक एनजीओ के माध्यम से समाज सेवा से भी जुड़ी हुई हैं।

कोरोना महामारी के दौरान नमिता गुप्ता द्वारा जरूरतमंदों की मदद की गई। इसके साथ ही वह छात्राओं को सेनेटरी पैड बांटने के अलावा महिलाओं के लिए कई काम कर चुकी हैं। विश्वविद्यालय के छात्रा के इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. ओपीएस नेगी ने बधाई दी है। उन्होंने कहा कि नमिता ने विश्वविद्यालय का नाम रौशन किया है।

इसके अलावा ओलंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम की तरफ से शानदार खेल दिखाने वाली हरिद्वार की वंदना कटारिया को भी इस सम्मान के लिए चुना गया है। इनके अलावा खेल के क्षेत्र में रुचि कालाकोटी (बागेश्वर), कनिका भंडारी पर्वतारोहण- रीना रावत (उत्तरकाशी) को नामित किया है।

शिक्षा व महिला जागरूकता सामाजिक कार्य क्षेत्र में डा राजकुमारी भंडारी चौहान (देहरादून), श्यामा देवी (देहरादून), अनुराधा वालिया (देहरादून), उमा जोशी (ऊधमसिंहनगर), दीपिका बोहरा, दीपिका चुफाल (पिथौरागढ़) रेनू गड़कोटी (चम्पावत) को पुरस्कार मिलेगा।

साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में डा कंचन नेगी , कोरोना के क्षेत्र मेंचंद्रकला तिवाड़ी (चमोली) पार्वती किरोला( नैनीताल) बबीता पुनेठा (पिथौरागढ़) नमिता गुप्ता (ऊधमसिंहनगर), गै बिंदुवासिनी (ऊधसिंहनगर) तथा स्वरोजगार क्षेत्र में ममता मेहता बागेश्वर,अंजना रावत (पौड़ी), भावना शर्मा (अल्मोड़ा) एवं बालिका शिक्षा क्षेत्र में रेखा जोशी (पिथौरागढ़) संघर्ष के क्षेत्र में पूनम डोभाल (टिहरी) को चुना गया है।

To Top