
Road Safety | No Helmet No Petrol | Nainital : नैनीताल जिले में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए जिला प्रशासन ने ‘नो हेलमेट-नो पेट्रोल’ नियम लागू कर दिया है। अब जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट पहुंचे दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। प्रशासन ने इस नियम का पालन सुनिश्चित कराने के लिए निगरानी भी शुरू कर दी है।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) अरविंद पांडे ने संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। इसके बाद जिले के पेट्रोल पंपों पर इस व्यवस्था को लागू कर दिया गया है।
लोगों को जागरूक करने के लिए सभी पेट्रोल पंपों पर ‘नो हेलमेट-नो पेट्रोल’ के सूचना बोर्ड लगाए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य लोगों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करना और सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों व गंभीर चोटों को कम करना है।
इसके अलावा नैनीताल जिले के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर टैक्सी और बाइक रेंटल से जुड़े नियमों की जानकारी देने वाले बोर्ड भी लगाए गए हैं। इन बोर्डों के जरिए पर्यटकों और वाहन चालकों को जिले में लागू यातायात नियमों की पहले से जानकारी दी जा रही है।
आरटीओ अरविंद पांडे ने कहा कि हाल के दिनों में दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं में हेलमेट नहीं पहनने के कारण कई लोगों की जान गई है या वे गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इसी को देखते हुए सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों पर कार्रवाई करना नहीं…बल्कि उन्हें सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक बनाना है ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सभी की सुरक्षा सुनिश्चित हो।






