Dehradun News

उत्तराखंड पुलिस ने मित्र होने का वादा निभाया, आत्महत्या करने जंगल गए व्यक्ति को देवदूत बनकर बचाया

Ad

देहरादून: एक बार फिर उत्तराखंड पुलिस का मानवीय चेहरा सामने आया है। पुलिस ने रायवाला में एक व्यक्ति को आत्महत्या करने से बचा लिया। दरअसल आर्थिक रूप से काफी दिनों से दबाव में चल रहे एक व्यक्ति ने गलत कदम उठाने के लिए जंगल का रुख किया तो तत्परता दिखाते हुए पीछे पीछे पुलिस भी जंगल पहुंच गई। पुलिस ने मित्र पुलिस होने का वादा निभाते हुए व्यक्ति को बचा लिया।

ADVERTISEMENTS Ad

रायवाला के थाना अध्यक्ष भवन चंद्र पुजारी ने जानकारी दी और बताया कि रविवार को रायवाला के प्रतीत नगर के रहने वाले संजय कुमार अग्रवाल ने अपने भाई ललित मोहन बत्रवाल के घर से कहीं बिना बताए चले जाने की सूचना दी थी। उन्होंने बताया था कि उनके भाई परेशान चल रहे हैं और गलत कदम उठा सकते हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स को तुरंत अलर्ट भेजा गया। सबसे पहले ललित मोहन के मोबाइल की लोकेशन पता लगाई गई। जिससे पता चला कि वह इस वक्त रायवाला से 38 किलोमीटर दूर रानी पोखरी के अंतर्गत जंगल क्षेत्र से नरेंद्र नगर को जाने वाली सड़क के पास है। जिसके बाद तुरंत रानीपोखरी के थाना अध्यक्ष शिशुपाल राणा से संपर्क साधा गया।

इतने में थानाध्यक्ष जब जंगल पहुंचे तो देखा कि ललित एक पेड़ से रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने तुरंत उसे रोका और समझा बुझाकर परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया। पूछताछ के दौरान ललित मोहन ने बताया कि उसने निजी कंपनी में कई लोगों से 30 से 35 लाख निवेश करवाए थे। लेकिन अब कंपनी पैसा वापस नहीं कर रही है। जिसकी वजह से वह आत्महत्या करने के लिए घर से निकला था। एसएसपी ने पुलिस टीम को पुरस्कार देने की घोषणा की है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top