Uttarakhand News

लचर बल्लेबाजी ने गेंदबाजों की मेहनत पर पानी फेरा, शर्मनाक हार के करीब उत्तराखण्ड!

Ad

हल्द्वानी: पहला रणजी मुकाबला उत्तराखण्ड टीम के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा है। पिछले बार अपने ग्रुप में टॉप करने वाली ये टीम जम्मू-कश्मीर के खिलाफ पहले मुकाबले में मात्र 84 रनों पर ढेर हो गई। उत्तराखण्ड के केवल दो बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार कर पाए। इस सीजन उत्तराखण्ड के बल्लेबाजों का प्रदर्शन औसत ही रहा है। विजय हजारे और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बल्लेबाज बड़ा स्कोर खड़ा करने में कामयाब नहीं रहे थे।

पहला रणजी मुकाबला

बात रणजी ट्रॉफी के पहले मुकाबले की करें तो जेके की टीम को पहली पारी में उत्तराखण्ड ने 182 रनों पर ऑल आउट किया था लेकिन गेंदबाजों के काम को उत्तराखण्ड के बल्लेबाज अंजाम तक नहीं पहुंचा पाए और पूरी टीम 25 ओवरों में ही ढेर हो गई। दिक्षांशु नेगी 24* और तन्मय श्रीवास्तव 17 रन, दो ऐसे बल्लेबाज थे जिनका स्कोर दहाई के आंकड़े को पार कर पाया। जेके को 98 रनों की अहम बढ़त मिल गई और उसका पूरा फायदा बल्लेबाजों ने उठाया। दूसरी पारी में जेके ने 65.4 ओवर में 304 रन बना डाले। दूसरी पारी में फैजल राशिद 73 नाबाद और अब्दुल शामाद ने 60 रन बनाए। उत्तराखण्ड की ओर से गेंदबाजी में राहिल शाह ने सर्वाधिक 5 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा धनराज शर्मा 2, प्रदीप चमोली 1, दिक्षांशु नेगी 1 और सन्नी राणा को 1 विकेट मिला। उत्तराखण्ड को जीत के लिए 403 रनों की दरकार थी।

खराब बल्लेबाजी

लेकिन दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक उसने 18 रनों पर तीन विकेट खो दिए हैं। आर्या सेठी 1, उन्मुक्त चंद 9 और तन्मय श्रीवास्तव 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए हैं। इस लक्ष्य के करीब पहुंचने के लिए उत्तराखण्ड के बल्लेबाजों को चमत्कारी प्रदर्शन करना होगा लेकिन जेके के गेंदबाजों के आगें यह करना बिल्कुल भी आसान नहीं रहने वाला है। मुकाबले में अभी दो दिन बचे हुए हैं और उत्तराखण्ड की टीम इतनीे जल्दी हथियार डाल देगी ये किसी ने सोचा नहीं था। उत्तराखण्ड के फैंस की नजर अवनीश सुधा और सौरभ रावत के ऊपर है, दोनों ही बल्लेबाजों के पास क्षमता है कि वह इस स्कोर को पार व टीम को हार के मुंह से बाहर निकाल सकते हैं। अगर टीम उत्तराखण्ड के बल्लेबाज इस मैच को चौथे दिन तक ले जाने में भी कामयाब रहते हैं तो मानसिक रूप से उन्हें मजबूती जरूर मिलेगी।

जम्मू-कश्मीर के गेंदबाज

जेके के गेंदबाजों के लिए यह मुकाबला अभी तक शानदार रहा है। पहली पारी में तेज गेंदबाज मोहम्मद मुद्दसीर 5 और राम दयाल 4 विकेट लेने में कामयाम रहे। वहीं दूसरी पारी में भी दोनों गेंदबाजों उत्तराखण्ड के बल्लेबाजों की परीक्षा लेते नजर आए दोनों को 1-1 विकेट मिला।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top