Haridwar News

हर की पैड़ी पर बर्थडे पार्टी करना पड़ा महंगा, पुलिस ने हरियाणा के पांच युवकों को पकड़ा

हर की पैड़ी पर बर्थडे पार्टी करना पड़ा महंगा, पुलिस ने हरियाणा के पांच युवकों को पकड़ा
Ad

हरिद्वार: प्रदेश पुलिस द्वारा चलाया जा रहा ऑपरेशन मर्यादा अच्छे ढंग से संचालित हो रहा है। इसी क्रम में लगातार पुलिस की टीमें धार्मिक स्थलों पर हुड़दंग मचा रहे नशेड़ियों को पकड़ रही हैं। हर की पैड़ी पर केक काटने के बाद हुड़दंग मचाने पर पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। जबकि 17 पर गंदगी फैलाने के चलते चालानी कार्रवाई की है।

ADVERTISEMENTS Ad

दरअसल उत्तराखंड डीजीपी अशोक कुमार के निर्देशों के बाद पुलिस ने ऑपरेशन मर्यादा लांच किया था। जिसके अनुसार सार्वजनिक स्थानों पर नशा कर माहौल खराब करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। हरिद्वार से लगातार इस तरह के मामले सामने आ रहे हैं। एक नया मामला फिर सामने आया है।

नगर कोतवाल राजेश शाह के अनुसार पुलिस महानिदेशक के निर्देशानुसार गंगा घाटों पर हुड़दंग मचाने और गंदगी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई हो रही है। ऐसे में एक नया मामला शनिवार रात हरकी पैड़ी से सामने आया है।

यहां चौकी प्रभारी अरविंद रतूड़ी ने हरियाणा के चार युवक और ज्वालापुर निवासी उनके एक दोस्त को हरकी पैड़ी ब्रह्मकुंड से गिरफ्तार किया है। दरअसल ये लोग ब्रह्मकुंड पर बर्थडे केक काटकर हुड़दंग मचा रहे थे। मामले में कमल, संदीप, दीपक और रूप पांडे निवासी बल्लभगढ़ फरीदाबाद (हरियाणा) व विकास पांडे निवासी शास्त्री नगर थाना ज्वालापुर को गिरफ्तार किया गया।

नगर कोतवाल राजेश शाह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ धारा 151 में चालान कर न्यायालय में पेश किया गया है। बाकी 17 लोगों पर घाट पर गंदगी फैलाने के लिए जुर्माना लगाया गया है। नगर कोतवाल ने बताया कि जुलाई से अब तक इस क्षेत्र में कुल 338 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
To Top